रिपोर्ट- शुभम चौधरी

रुड़की, 29 अगस्त। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को तहसील कार्यालय रुड़की पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे मतदाता सूची संबंधी कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अब तक की प्रगति, सत्यापन प्रक्रिया तथा कार्य के दौरान अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एसआईआर प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

डीएम ने अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि सत्यापन के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम गलती से मतदाता सूची से बाहर न हो। दस्तावेजों और प्राप्त सूचनाओं की निर्धारित प्रक्रिया के तहत सावधानीपूर्वक जांच करने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान सामने आने वाले प्रत्येक मामले का नियमानुसार परीक्षण किया जाए और पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखा जाए। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को आम नागरिकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा मतदाता सूची से जुड़े मामलों में उचित सहयोग देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि एसआईआर कार्य की नियमित समीक्षा और निगरानी की जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा सकें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और अद्यतन स्थिति बनाए रखना निर्वाचन व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।इस दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, तहसीलदार विकास अवस्थी समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।