
रिपोर्ट – शुभम चौधरी
हरिद्वार: त्यौहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने निकली खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हरिद्वार के सिडकुल स्थित एक मॉल में नामी कंपनी के फ्रेंचाइजी रेस्टोरेंट पर छापेमारी कर कई गंभीर खामियां पकड़ीं. जांच में बर्गर और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में बदबूदार कटे हुए प्याज का इस्तेमाल किया जा रहा था. टीम ने खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए रुद्रपुर स्थित लैब भेज दिए हैं. रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट की बारीकी से जांच की गई. जांच में यह भी सामने आया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उत्पादों के लेबल से मैन्युफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट मिटाई गई थी. खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने बताया कि रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की खामियां मिली हैं. बदबूदार और अनुपयुक्त प्याज का उपयोग किया जा रहा था, जबकि कुछ खाद्य उत्पादों के लेबल पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट स्पष्ट नहीं मिली. मौके से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं.रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जांच में यह भी पाया गया कि रेस्टोरेंट के फूड लाइसेंस में मीट एवं मीट प्रोडक्ट तथा आइसक्रीम एवं डेजर्ट की फूड कैटेगरी का इंडोर्समेंट नहीं था. इसके चलते मौके पर ही मीट प्रोडक्ट, आइसक्रीम और डेजर्ट के निर्माण व बिक्री पर रोक लगा दी गई. आइसक्रीम के भी दो सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं. विभाग ने रेस्टोरेंट के फूड लाइसेंस के निलंबन की संस्तुति भी की है.
बता दें कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर त्यौहारी सीजन के मद्देनजर जिलेभर में रेस्टोरेंट, ऑनलाइन ई प्लेटफॉर्म और मिठाई दुकानों की जांच का अभियान चलाया जा रहा है. जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालक के खिलाफ वाद दायर करने की कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने रुड़की, ज्वालापुर, लक्सर और जिले अन्य कई क्षेत्रों में छापेमारी. यहां कुल मिलाकर जिले से 12 सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं. खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि आगे भी उनकी कार्रवाई जारी रहेगी और अनियमितता मिलने पर सख्त एक्शन लिया जाएगा.