
हरिद्वार, 9 सितंबर 2026। (शुभम चौधरी) जनपद की सड़कों को सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में बुधवार को सीसीआर सभागार, हरिद्वार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़क मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के मुख्य मार्गों, संपर्क मार्गों और ग्रामीण सड़कों का तत्काल सर्वेक्षण कराया जाए और जहां भी गड्ढे हैं,

उन्हें चिन्हित कर समयसीमा के भीतर ठीक कराया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क मरम्मत में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभागों को 15 सितंबर से प्रस्तावित अभियान का इंतजार किए बिना आवश्यक स्थानों पर मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। बारिश से अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता देने को भी कहा गया।रोजाना होगी कार्यों की निगरानीअधिकारियों को सड़क मरम्मत की नियमित निगरानी के साथ प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। कार्य पूरा होने के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच करेंगे।

सड़क से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।बैठक में जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे स्थानों पर सड़क की मरम्मत से पहले जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, जिससे सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे।उन्होंने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपदवासियों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करें।बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह सहित लोक निर्माण विभाग, नगर निकायों एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।