
हरिद्वार में भारी बारिश का कहर
रिपोर्ट- शुभम चौधरी
हरिद्वार। जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बारिश के कारण अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने, बिजली व्यवस्था प्रभावित होने और जलभराव जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। इसी बीच ज्वालापुर रेलवे स्टेशन के बाहर एक बड़ा पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से बिजली की लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि घटना के समय आसपास ज्यादा भीड़ नहीं होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया।ज्वालापुर रेलवे स्टेशन के बाहर दिनभर यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे व्यस्त स्थान पर पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। बिजली के तार टूटने के कारण आसपास के क्षेत्र में भी विद्युत व्यवस्था पर असर पड़ा। सूचना मिलने के बाद रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ को हटाने का काम शुरू किया। कर्मचारियों ने पेड़ को काटकर छोटे हिस्सों में किया और रास्ते से हटाया।इसी दौरान सीतापुर रेलवे फाटक पर भी एक अलग घटना के चलते यातायात बाधित हो गया। रविवार शाम एक अज्ञात वाहन ने रेलवे फाटक को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण फाटक क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे तक मरम्मत का काम किया। इसके बाद फाटक को दुरुस्त कर यातायात को सामान्य कराया गया।बारिश का असर कुशा घाट के समीप स्थित बिजलीघर के कार्यालय पर भी दिखाई दिया। लगातार बारिश के दौरान कार्यालय की छत से पानी टपकने लगा और परिसर के अंदर पानी पहुंच गया। इससे वहां कार्यरत कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।कर्मचारियों का कहना है कि बिजलीघर की इमारत की छत लंबे समय से खराब स्थिति में है। बारिश होने पर हर बार छत से पानी आने की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे कार्यालय में काम करना मुश्किल हो जाता है। कर्मचारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से जर्जर छत की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।लगातार बारिश के कारण जिले में प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने भी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है। फिलहाल सामने आई घटनाओं में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।