
रिपोर्ट – शुभम चौधरी
हरिद्वार। पुलिस विभाग में वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए चार पुलिसकर्मियों के सम्मान में हरिद्वार पुलिस की ओर से विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खुशी और भावुकता का मिला-जुला माहौल देखने को मिला। साथी पुलिसकर्मियों और परिजनों ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों के साथ बिताए यादगार पलों को साझा किया और उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
समारोह की अध्यक्षता एसपी क्राइम निशा यादव ने की। इस दौरान सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए। कार्यक्रम में उनके लंबे सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों और विभाग के प्रति योगदान को याद किया गया।

करीब चार दशक की सेवा के बाद विदाई
अपर उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले हैं। उन्होंने वर्ष 1986 में आरक्षी के पद से पुलिस विभाग में सेवा शुरू की। वरिष्ठता के आधार पर वर्ष 2011 में मुख्य आरक्षी और वर्ष 2022 में अपर उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति मिली। करीब 40 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने हरिद्वार के अलावा 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद, 46वीं वाहिनी रुद्रपुर और 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार में सेवाएं दीं। बेहतर कार्य के लिए उन्हें कई बार सम्मानित भी किया गया।
सेना के बाद पुलिस सेवा में योगदान
हेड कांस्टेबल किशोर कुमार भी पौड़ी गढ़वाल के निवासी हैं। भूतपूर्व सैनिक के रूप में वर्ष 2008 में आरक्षी पद पर पुलिस विभाग में शामिल हुए। पुलिस सेवा के दौरान वर्ष 2026 में उन्हें हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नति मिली। सेना में रहते हुए उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों के साथ श्रीलंका के जाफना क्षेत्र में भी सेवाएं दीं और आतंकवाद विरोधी अभियानों में हिस्सा लिया। सहकर्मियों के बीच अपने सरल व्यवहार के कारण वह लोकप्रिय रहे और साथी उन्हें स्नेह से ‘किशोर काका’ कहकर बुलाते रहे। पुलिस विभाग में करीब 18 वर्ष की सेवा के दौरान उन्हें उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई बार पुरस्कृत किया गया।

29 वर्ष की सेवा के बाद सेवानिवृत्ति
हेड कांस्टेबल संगीता ने वर्ष 1997 में कांस्टेबल के पद से पुलिस विभाग में अपना सेवाकाल शुरू किया। मेरठ की रहने वाली संगीता को वर्ष 2022 में हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नति मिली। उन्होंने करीब 29 वर्षों तक पुलिस विभाग में सेवाएं दीं। हरिद्वार के अलावा बरेली, अल्मोड़ा और ऊधमसिंहनगर में तैनाती के दौरान उनके कार्यों की अधिकारियों ने सराहना की और उन्हें समय-समय पर सम्मानित किया गया।
14 साल से अधिक की सेवा के बाद विदाई
कांस्टेबल अरविन्द कुमार वर्ष 2012 में एक्स-आर्मी कोटे से पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। पौड़ी गढ़वाल के मूल निवासी अरविन्द कुमार ने पुलिस विभाग में 14 वर्ष 6 माह 7 दिन की सेवा पूरी की। कुछ समय पहले स्वास्थ्य संबंधी परेशानी सामने आने के बाद उनका उपचार चल रहा है।
समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों और सहकर्मियों ने चारों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य और सुखद जीवन की कामना की। विदाई के दौरान कई साथी भावुक भी नजर आए। लंबे समय तक विभाग का हिस्सा रहे इन पुलिसकर्मियों के लिए समारोह भावनात्मक और यादगार बन गया।