
हरिद्वार, 03 सितंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक एनआईसी कक्ष में हुई, जिसमें पुनरीक्षण कार्य की प्रगति और शेष कार्य को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण का करीब 99 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने अभियान के सफल संचालन में सहयोग देने के लिए सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों का आभार जताया।

जिलाधिकारी ने कहा कि राजनीतिक दलों के सहयोग से पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शेष कार्य भी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरा कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना की। प्रतिनिधियों ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जनपद में SIR अभियान को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संचालित किया जा रहा है।
बैठक में विधायक पिरान कलियर फुरकान अहमद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रुड़की राजेंद्र चौधरी, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, भाजपा मंडल अध्यक्ष बिंदर पाल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, कांग्रेस नेता चंद्रपाल सिंह, कैलाश प्रधान सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।