
रुड़की।( शुभम चौधरी) बेलड़ी सल्हापुर गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर गांव में धार्मिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन और आकर्षक झांकियों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। पूरे गांव में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन ग्राम प्रधान लखन रोड़ के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम स्थल को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया था। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और धार्मिक प्रसंगों पर आधारित सुंदर झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ उत्सव मनाया।
ग्राम प्रधान लखन रोड़ ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हमें धर्म, सत्य, कर्म और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से गांव में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत होती है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में गांव के युवाओं और स्थानीय लोगों का विशेष योगदान रहा। आयोजन में शुभम चौधरी, विशु सैनी, अश्वनी सैनी, वंश शिसोदिया, आदित्य सैनी, ऋषभ चौधरी, रिशु रोड़,सतीश कुमार, नितिन, मोहित, उज्ज्वल, विराट और आशीष सहित अन्य युवाओं ने व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं पत्रकार शुभम चौधरी ने भी कार्यक्रम में उपस्थित रहकर आयोजन की सराहना की और ग्रामीणों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम गांव की परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर पूरे बेलड़ी सल्हापुर गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ कार्यक्रम स्थल पर बनी रही