
देहरादून। (शुभम चौधरी)। उत्तराखंड शासन ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) के कई अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया है। शासन की ओर से जारी स्थानांतरण एवं तैनाती आदेश के बाद अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बदलाव के बाद पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है।
जारी आदेश के अनुसार शेखर चन्द्र सुयाल को अपर पुलिस अधीक्षक, देहरादून नगर के पद पर तैनाती दी गई है। इससे पहले वह अपर पुलिस अधीक्षक, देहात हरिद्वार के पद पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं अभय सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार ग्रामीण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभय सिंह इससे पहले अपर पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार के पद पर तैनात थे।
शासनादेश में कुल 12 पुलिस अधिकारियों की वर्तमान तैनाती में बदलाव करते हुए उन्हें विभिन्न पदों पर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, टिहरी और अन्य क्षेत्रों से जुड़े अधिकारी शामिल हैं। अधिकारियों को जनहित एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप नई तैनाती दी गई है।

शासन की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को अविलंब कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यभार ग्रहण करने के प्रमाणक की प्रति पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों के सामने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण तथा आम जनता के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने की चुनौती रहेगी। अब सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि नए पदों पर कार्यभार संभालने के बाद अधिकारी किस तरह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं।