
हरिद्वार,18 सितंबर 2026। ( शुभम चौधरी) शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शुक्रवार को रेलवे स्टेशन और रोडवेज क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि ने किया।प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क, फुटपाथ और पटरी पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया।

इस दौरान कई अवैध खोखों और पटरी दुकानों को हटाकर सार्वजनिक स्थानों को खाली कराया गया। पुलिस की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि ने बताया कि सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने के साथ यात्रियों एवं आमजन की आवाजाही सुगम बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जे को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

प्रशासन के अनुसार आगामी कुंभ मेले को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित करने की तैयारियां भी की जा रही हैं। रेलवे स्टेशन और रोडवेज क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने तथा श्रद्धालुओं और यात्रियों को आवागमन में सुविधा देने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम और पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।