
रिपोर्ट शुभम चौधरी पब्लिक स्कूल
रुड़की। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जहां क्षेत्र में भाई-बहन के प्रेम और विश्वास की खुशियां देखने को मिलीं, वहीं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेत्री रोमा सैनी ने इस पर्व को सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा के संदेश से जोड़ते हुए एक विशेष पहल की।
रोमा सैनी ने नंद विहार रुड़की तथा इमलीखेड़ा क्षेत्र में पहुंचकर रक्षाबंधन पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत इमलीखेड़ा के चेयरमैन मनोज सैनी, कार्यालय स्टाफ, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों तथा नगर की स्वच्छता व्यवस्था में जुटे पर्यावरण मित्रों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

पर्यावरण मित्रों को राखी बांधते हुए रोमा सैनी ने उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये कर्मवीर धूप, बारिश और विपरीत परिस्थितियों में भी क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने में जुटे रहते हैं। स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। रक्षाबंधन के अवसर पर उनका सम्मान करना समाज के प्रति उनकी सेवाओं के प्रति सम्मान प्रकट करना है।
राखी के साथ दिलाया अनूठा संकल्प
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि रोमा सैनी ने रक्षा सूत्र बांधने के साथ उपस्थित भाइयों को केवल बहन की रक्षा ही नहीं, बल्कि समाज की प्रत्येक बेटी के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प दिलाया। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे अपने जीवन की कम से कम एक बुराई छोड़ेंगे, सच्चाई और ईमानदारी के रास्ते पर चलेंगे तथा महिलाओं और बेटियों के सम्मान के लिए हमेशा आवाज उठाएंगे।
रोमा सैनी ने कहा कि “रक्षाबंधन केवल कलाई पर बांधा जाने वाला धागा नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान और जिम्मेदारी का पवित्र बंधन है। इस राखी का असली अर्थ तभी सार्थक होगा, जब हम अपनी बहनों के साथ-साथ समाज की हर बेटी के सम्मान और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएं।”
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि रक्षाबंधन के संदेश को केवल एक दिन तक सीमित न रखा जाए। भाई अपनी बहनों के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी निभाने के साथ समाज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षित वातावरण के निर्माण में भी अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।