
रिपोर्ट- शुभम चौधरी
हरिद्वार। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने और आपसी विवाद में मारपीट पर उतारू लोगों को हिरासत में लिया। इसके अलावा न्यायालय से जारी वारंटों के आधार पर वांछित लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाया गया।
सिडकुल में चार लोगों पर कार्रवाई
सिडकुल थाना क्षेत्र में सड़क पर हंगामा और हुड़दंग करने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। आरोप है कि संबंधित लोग सार्वजनिक स्थान पर शोर-शराबा कर आम लोगों को परेशान कर रहे थे। पुलिस ने चार व्यक्तियों को हिरासत में लेते हुए धारा 170 BNSS के तहत कार्रवाई की।
मंगलौर में वाहन टक्कर के बाद विवाद
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में वाहन की टक्कर को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। स्थिति मारपीट तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया। पुलिस ने पांच व्यक्तियों को हिरासत में लेकर धारा 170 BNSS के तहत आवश्यक कार्रवाई की।

रानीपुर में चार वारंटियों की गिरफ्तारी
वहीं, कोतवाली रानीपुर पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंटों की तामील के लिए अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए चार वारंटियों को उनके आवास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।हरिद्वार पुलिस की ओर से कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों में लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का अभियान सार्वजनिक शांति बनाए रखने के साथ न्यायालय से जारी वारंटों की तामील पर भी केंद्रित है।