
रुड़की। (शुभम चौधरी) इमलीखेड़ा स्थित फीनिक्स यूनिवर्सिटी में स्कूली विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्रिकेट और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 14 विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन इमलीखेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम के दौरान फीनिक्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन चिरव जैन ने कहा कि स्कूली स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होने से बच्चों को अपनी क्षमता पहचानने और उसे बेहतर बनाने का अवसर मिलता है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और सामूहिक रूप से काम करने की भावना विकसित करते हैं। विशिष्ट अतिथि कृष्ण कुमार गौतम ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
ट्रस्ट के चेयरमैन चैंपियन सुनील जैन ने कहा कि खेलों में भाग लेने से बच्चों में मेहनत, नेतृत्व और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा होती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रतिभाओं को मंच देना भविष्य के अच्छे खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

वॉलीबॉल में माउंट लिट्रा जी स्कूल का दबदबा
अंडर-18 बालक वॉलीबॉल प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में माउंट लिट्रा जी स्कूल ने स्कॉलर एकेडमी को हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में वासुदेव लाल मैथिल सरस्वती विद्या मंदिर ने चंद्रा स्कूल को मात दी। निर्णायक मुकाबले में माउंट लिट्रा जी स्कूल ने जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
बालिका वॉलीबॉल वर्ग में स्वामी दयानंद सरस्वती विद्यालय रुड़की ने पहला स्थान हासिल किया। हरिओम सरस्वती स्कूल धनोरी दूसरे और दून पब्लिक स्कूल रुड़की तीसरे स्थान पर रहा।
क्रिकेट में मॉन्टफोर्ट स्कूल ने हासिल की जीत
अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में मॉन्टफोर्ट स्कूल रुड़की ने माउंट लिट्रा जी स्कूल को हराया। दूसरे सेमीफाइनल में दून पब्लिक स्कूल ने एसएनडीके पब्लिक स्कूल को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल में दून पब्लिक स्कूल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 36 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मॉन्टफोर्ट स्कूल की टीम ने मात्र तीन ओवर में लक्ष्य हासिल कर प्रतियोगिता जीत ली।
ट्रस्ट की ओर से रचना देवी ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं और उन्हें जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
प्रतियोगिता में शेफील्ड स्कूल, नेचर इंटरनेशनल स्कूल, हरिओम सरस्वती स्कूल धनोरी, स्वामी दयानंद सरस्वती विद्यालय, दून पब्लिक स्कूल, मॉन्टफोर्ट स्कूल, स्कॉलर एकेडमी, माउंट लिट्रा जी और एसएनडीके पब्लिक स्कूल समेत कई विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में कोच प्रियांशु चौधरी, अमानुल्लाह, सैम अली, रिहान, रामवीर, अनमोल चौधरी, अभिषेक चौधरी, राजकुमार, सुमित शर्मा और सेमंत बिष्ट समेत कई खेलप्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करना और उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।